संवाददाता समाचार टाउन
–भीम आर्मी के साथ कोतवाली पहुंचे परिजनों ने दी तहरीर,गंभीर हालत में लखनऊ के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही पीड़िता
कायमगंज/फर्रुखाबाद:मंगलवार को क्षेत्र के एक गांव में जली युवती के मामले में उसके परिजन भीम आर्मी के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। परिजनों का आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर उसकी बहन को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर युवती की हालत नाजुक है। उसका लखनऊ में इलाज चल रहा है।
दो दिन पहले गंभीर रूप से जली युवती के परिजन भीम आर्मी के पदाधिकारियों के साथ बुधवार को कोतवाली पहुँचे और प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी से वार्ता की। कुछ देर में हो सीओ राजेश द्विवेदी भी कोतवाली पहुंच गए। जहाँ भीम आर्मी कार्यकर्ताओं और पुलिस की काफी देर वार्ता चली। पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र के गांव झकरई निवासी गोपाल शाक्य अपने साथी के साथ अक्सर बाजार आते-जाते समय उसकी बहन के साथ अश्लील हरकतें और फब्तियां कसता था।
इस संबंध में जब परिजनों ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की, तो आरोपियों ने सुधार करने के बजाय अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे आरोपी नाजायज असलहों के साथ आए और युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। जब युवती ने शोर मचाया और विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर जब पीड़िता की चाची मौके पर पहुंची, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों का कहना आनन-फानन में जली अवस्था में पीड़िता को अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया गया था। परिजनों का कहना है कि पीड़िता के भाई ने इससे पहले भी आरोपित के घर शिकायत की थी। उस समय गांव के ही चंद्रशेखर उर्फ करन, मोहित, अवनीश ने जान माल की धमकी दी थी। इंस्पेक्टर ने बताया तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

