संवाददाता समाचार टाउन
–मोबाइल पर कवर डलवाने गया था पंकज, परिजनों हुए परेशान, दी तहरीर
कायमगंज, संवाददाता राजस्थान के बीकानेर में प्राइवेट नौकरी कर होली की खुशियां मनाने घर लौट रहा एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक अपने भाई के साथ ट्रेन से टुंडला आया था, जहां से कायमगंज पहुंचने के बाद वह मोबाइल की दुकान पर जाने की बात कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
कंपिल थाना क्षेत्र के ग्राम हकीकतपुर निवासी पुष्पा देवी ने बताया कि उनके दो पुत्र पंकज कुमार और मनोज कुमार बीकानेर में काम करते हैं। 1 मार्च को दोनों भाई घर आ रहे थे। कायमगंज पहुंचने पर पंकज ने अपने छोटे भाई मनोज को घर जाने के लिए कहा और खुद मोबाइल पर कवर डलवाने के लिए रुक गया। शाम करीब साढ़े चार बजे पंकज ने अपनी मां से फोन पर बात भी की थी, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। पीड़िता पुष्पा देवी ने बताया कि पंकज की शादी भी तय हो रही थी। होली के तुरंत बाद सगाई की रस्म की तैयारी है। अब पंकज के लापता होने से गम में बदल गया है। काफी खोजबीन के बाद भी जब पंकज का सुराग नहीं लगा, तो थक-हारकर परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी है।

