संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज: गांव मुडोल निवासी परमानंद का 18 वर्षीय पुत्र गगन नगर के एक विद्यालय में कक्षा 12 का छात्र है, सोमवार शाम अपने घर पर था। गगन के मुताबिक, उसके मोबाइल पर किसी का मैसेज आया, जिसने उसे कंपिल रोड स्थित एक अस्पताल के पास बुलाया।
जब गगन साइकिल से वहां पहुंचा, तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद उसे दूसरे मैसेज के जरिए एक गेस्ट हाउस के पास बुलाया गया। वहां भी किसी के न मिलने पर उसे दोबारा अस्पताल के पास लौटने को कहा गया। जैसे ही वह वापस अस्पताल के पास पहुंचा, वहां बाइक सवार युवकों ने अपनी तेज रफ्तार बाइक से उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गगन का पैर टूट गया और वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावर अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया।सीएचसी के डॉक्टरों ने छात्र की गंभीर स्थिति और पैर की हड्डी टूटने के कारण उसे प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पीड़ित छात्र के बयानों और मौके पर छूटी बाइक के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मैसेज भेजने वाला कौन था और इस हमले के पीछे का क्या उद्देश्य था।

