Breaking
27 Feb 2026, Fri

डबल मर्डर कांड में डीआईजी ने घटनास्थल पर पहुंच कर किया निरीक्षण,हर बिंदु पर जांच के दिए निर्देश

संवाददाता समाचार टाउन

नगर कायमगंज के मोहल्ला गंगादरवाजा कूचा में हुए दंपति हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी हरीश चन्दर ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की प्रगति पर जानकारी ली और घटना के प्रत्येक पहलू की गहन पड़ताल के निर्देश दिए।डीआईजी सबसे पहले मृतक दंपति पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा की पुत्री गुनगुन से मिले तथा घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घर के आंगन व कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां महिला का शव आंगन में तथा पुरुषोत्तम का शव कमरे में बेड पर बिजली के तार से कसा हुआ मिला था। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उन्हें घटना के समय की हालातों से अवगत कराया।

फोटो परिचय घटनास्थल पर जांच करते डीआईजी

डीआईजी ने घर के कोनों, प्रवेश मार्ग और संभावित साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए स्वयं क्लू तलाशने का प्रयास किया। इसके बाद वह जीने के रास्ते छत पर पहुंचे और आसपास के मकानों की छतों का मिलान करते हुए भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया, ताकि हत्यारों के आने-जाने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गली में लगे सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि अन्दर गली में कोई कैमरा नहीं है। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट व स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए। गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के इरादे से घर में घुसकर वृद्ध दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दूध देने पहुंचे दूधिया ने दरवाजा खुला देख अंदर झांका। घर में सामान बिखरा मिला तथा मृतका की पुत्री ने जेवर व मकान के कागजात गायब होने की बात बताई है। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड पहले ही मौके से साक्ष्य जुटा चुके हैं और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी है।

इनसेट

करीबी व्यक्ति पर हत्या का शक, बिना संघर्ष खुला मिला दरवाजा : डीआईजी

कूचा मोहल्ला में दंपति हत्याकांड को लेकर पहुंचे डीआईजी हरीश चंदर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना में किसी करीबी व्यक्ति की संलिप्तता प्रतीत हो रही है। डीआईजी ने कहा कि मौके पर दरवाजे खुला मिला। इससे किसी प्रकार का संघर्ष नहीं हुआ है। घर के अंदर भी ज्यादा संघर्ष के साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से मौके से साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पुलिस टीम जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है। उन्होंने बताया तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज हो गया है। पोस्टमार्टम पैनल के द्वारा कराया गया है। एसपी के नेतृत्व में पांच टीमें घटना के खुलासे के लिए लगी है। कई क्लू मिले है। उन पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!