संवाददाता समाचार टाउन
–जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से अस्पताल में हुआ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कायमगंज:जिला स्वास्थ्य समिति फर्रुखाबाद की ओर से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जादूगर दिनेश कौशल एंड पार्टी ने अपने हैरतअंगेज कारनामों और हुनर के जरिए तंबाकू के जानलेवा दुष्प्रभावों को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक जादू के प्रदर्शन से हुई, जिसने वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों का ध्यान खींच लिया। जादूगर दिनेश कौशल ने अपने खेल के माध्यम से दिखाया कि कैसे तंबाकू और धूम्रपान इंसान के शरीर को कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों की ओर धकेल देते हैं। उन्होंने केवल डर ही नहीं दिखाया, बल्कि जादू के जरिए यह संदेश भी दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से इस जानलेवा लत को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इस मौके पर मौजूद डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन करने वाला व्यक्ति न केवल खुद को बल्कि अपने पूरे परिवार को संकट में डालता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।
वहीं डॉ. अमरेश कुमार ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि कला और मनोरंजन के माध्यम से दी गई सीख लोगों के मानस पटल पर गहरा असर छोड़ती है।कार्यक्रम के दौरान अस्पताल स्टाफ और उपस्थित नागरिकों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तंबाकू छोड़ने के आसान और व्यावहारिक उपाय भी साझा किए। इस अवसर पर भारी संख्या में अस्पताल स्टाफ, मरीज और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

