संवाददाता समाचार टाउन
–ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी, मकान सील, कृषि भूमि पर लगाया निषेध बोर्ड, 8 वाहन व बैंक खाते भी फ्रीज
कायमगंज, संवाददाता
गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। नगर से सटे गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी कुख्यात गैंगस्टर जुबैर खान और उसकी मां रुखसाना की करीब 26 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क किए जाने के तीन दिन बाद गुरुवार को पुलिस-प्रशासन ने गैंग के सक्रिय सदस्य सुखबीर यादव की चल-अचल संपत्ति पर कुर्की की बड़ी कार्रवाई की।

फोटो परिचय पुलिस प्रशासन द्वारा चिन्हित आवास पर मुनादी कर कुर्की की कार्रवाई करते अधिकारी
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के आदेश पर तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर लाइन ऑर्डर सुरजीत सिंह व थाना मेरापुर इंस्पेक्टर राजीव पाण्डेय भारी पुलिस बल और राजस्व टीम के साथ आरोपी के गांव पहुंचे।

फोटो परिचय अलीगंज रोड स्थित कृषि भूमि पर निषेध बोर्ड लगाकर मुनादी कराती पुलिस
टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए कुर्की की प्रक्रिया शुरू कराई। पुलिस ने आरोपी के मकान की दीवार पर मुकदमे से संबंधित कार्रवाई अंकित कर घर को सील कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम अलीगंज रोड स्थित कृषि भूमि पर पहुंची, जहां सार्वजनिक मुनादी कराकर जमीन पर सरकारी कब्जे का निषेध बोर्ड लगा दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण दूर खड़े होकर प्रशासनिक कार्रवाई देखते रहे। पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर जुबैर के संगठित गिरोह में रामनरेश, सुखबीर, पुष्पेंद्र, आदेश, मोबीन, तारीख उर्फ तालिब और पवन शामिल रहे हैं। इनमें जुबैर व मोबीन न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि सुखबीर को पूर्व में मेरापुर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपितों ने न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्राप्त कर रखा है, जबकि रामनरेश अभी फरार बताया जा रहा है।
इनसेट
1.75 करोड़ की संपत्ति पर हुआ एक्शन
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुखबीर यादव की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की गई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कर चोरी के आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन को अपने एवं परिजनों के नाम निवेश किया था। कुर्क संपत्तियों में कायमगंज-अलीगंज रोड स्थित दो मंजिला आलीशान मकान कीमत लगभग 65 लाख रुपये तथा गांव रुटौल स्थित कृषि भूमि करीब 45 लाख रुपये शामिल है। कुल अचल संपत्ति का मूल्य लगभग 1.10 करोड़ रुपये आंका गया है। इसके अलावा आरोपी के नाम पंजीकृत 8 वाहन, जिनमें 7 ट्रक और एक मोटरसाइकिल शामिल है वाहनों की अनुमानित कीमत 63.41 लाख रुपये बताई गई है। सुखबीर और उसकी पत्नी ममता के बैंक खातों में जमा 2.03 लाख रुपये की धनराशि भी फ्रीज कर दी गई।
इनसेट।
अब अन्य गैंग सदस्यों पर प्रशासन की नजर
जुबैर और उसके सहयोगियों पर लगातार हो रही कुर्की कार्रवाई के बाद प्रशासन का शिकंजा अब गैंग के अन्य सदस्यों की ओर बढ़ चुका है। तहसील व पुलिस प्रशासन शेष आरोपितों की संपत्तियों का विवरण जुटाने में लगा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराध से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

