संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:कंपिल स्थित उत्तर प्रदेश सहकारी सूत मिल परिसर में कथित अवैध खनन की मिल रही शिकायत पर सोमवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम कायमगंज अतुल कुमार और खनन निरीक्षक संजय सिंह ने पुलिस बल के साथ मिल परिसर का जायजा लिया और अवैध खनन को लेकर जांच की। जांच-पड़ताल के बाद अधिकारियों को वहां किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं मिला।
एसडीएम अतुल कुमार ने मिल परिसर के कोने-कोने का जायजा लिया और वहां चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य की स्थिति देखी। उन्होंने ठेकेदार गणपत चौधरी से कार्य के प्रक्रिया की जानकारी ली। जांच के बाद एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मिल की जर्जर इमारतों को गिराने का ठेका नियमानुसार चल रहा है। इमारतों के गिरने से जो मलबा निकल रहा है, उसे ही ट्रैक्टरों के जरिए बाहर भेजा जा रहा है। जांच के दौरान जब ट्रैक्टर चालक अखिलेश और उसके पिता किशनलाल अधिकारियों के सामने पहुंच गए।
फोटो परिचय सूत मिल परिसर में जांच करते एसडीएम और खनन अधिकारी
अखिलेश ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम जब वह मलबे का परिवहन कर रहा था, तभी विधायक पति अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने अधिकारियों के सामने न्याय की गुहार लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उधर मारपीट के आरोप की शिकायत पर पुलिस का कहना मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी

