Breaking
6 Mar 2026, Fri

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन को मारी टक्कर हुई मौत,परिजनों में मची चीख पुकार।

संवाददाता समाचार टाउन

अलीगढ़-एटा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दिल्ली से घर लौट रहे थे युवक

सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने कंपिल आ रहे बाइक सवार तीन युवकों के पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार देर रात जब एक युवक का शव कंपिल पहुंचा, तो पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया और परिजनों की चीत्कारों से माहौल गमगीन हो गया।

फोटो परिचय मृतक मुस्तकीम का फाइल फोटो

नगर के मोहल्ला चौधरियान निवासी इकबालुद्दीन का 22 वर्षीय पुत्र मुस्तकीम दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार तड़के वह अपने फुफेरे भाई 25 वर्षीय असलम निवासी घसिया चिलौली, कायमगंज और दोस्त 19 वर्षीय समीर निवासी दिल्ली के साथ बाइक से कंपिल आ रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे अलीगढ़-एटा मार्ग पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि असलम और समीर की मौके पर ही मौत हो गई। मुस्तकीम घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा तड़पता रहा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुस्तकीम को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अन्य दो युवकों असलम और समीर के शव दिल्ली भेजे गए हैं, जहां उनका परिवार वर्तमान में रह रहा है। बुधवार रात करीब 10 बजे जैसे ही मुस्तकीम का शव मोहल्ला चौधरियान पहुंचा, वहां कोहराम मच गया।

फोटो परिचय शव पर रोते परिजन

मृतक मुस्तकीम तीन भाइयों सलाउद्दीन और शानू में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी शबनम और मां निशारा बेगम बदहवास हैं। मुस्तकीम अपने पीछे एक साल की मासूम बेटी छोड़ गया है, जिसे यह भी नहीं पता कि उसके पिता अब कभी नहीं लौटेंगे। हादसे की खबर मिलते ही गांव और मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहां की पुलिस फिलहाल टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!