संवाददाता समाचार टाउन
पकड़े गए एक आरोपित पर दर्ज हैं 26 मुकदमे, एक साथी चकमा देकर फरार
-हार, चूड़ियां और नकदी बरामद, नहीं मिली बंदूक
कायमगंज:कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। चार माह पहले घर में घुसकर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपितों को पुलिस ने चोरी के माल और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
एसपी आरती सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिस पर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर लाइन आर्डर सुरजीत सिंह, मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बलवीर सिंह फोर्स के साथ सोमवार रात करीब 10:20 बजे अहमदगंज रोड स्थित बुढ़िया पुल के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने सुनील निवासी हुल्लापुर थाना अल्लागंज जनपद शाहजहांपुर और जयप्रकाश निवासी गांव उस्मानपुर थाना सिकंदरपुर वैश्य, जनपद कासगंज को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पीली धातु का एक हार, चार चूड़ियां, झूमर और 2,400 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस को देख इनका तीसरा साथी जनपद हरदोई का कमलेश मौके से फरार हो गया।
फोटो परिचय कोतवाली में पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपित
पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि करीब चार माह पहले उन्होंने मोहल्ला कलाखेल मऊरशीदाबाद में शन्दू खां के घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। शातिरों ने बताया कि उन्होंने बाइक फर्रुखाबाद रोड पर काफी दूर खड़ी कर पैदल गांव में घुसे थे। इससे पहले रेकी की थी। घटना को अंजाम देने के बाद वे घंटों केले के बाग में छिपे रहे। ताकि पुलिस की नजरों से बच सकें। चोरी किए गए माल को तीनों ने बराबर हिस्सों में बांट लिया था, जिसमें भागे गए कमलेश के हिस्से में एक सेट गले का हार और 12 हजार रुपए आए थे। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने घर से एक लाइसेंसी बंदूक भी चोरी की थी।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि बंदूक चोरी करने के बाद वे डर गए थे। पुलिस के खौफ के कारण वे अगली ही रात वह बंदूक उसी मकान के दरवाजे पर छोड़कर चले गए थे। हालांकि, पुलिस अब इस दावे की तस्दीक कर रही है कि बंदूक वास्तव में कहां है।
इनसेट
26 मुकदमों का अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास।
गिरफ्तार सुनील एक शातिर अपराधी है, जिस पर फर्रुखाबाद, हरदोई और शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह गैंग लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और सुनसान घरों को निशाना बनाता था।

