संवाददाता समाचार टाउन
थाना कंपिल क्षेत्र में सड़क पार करते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम, चालक दबोचा
राईपुरचिनहटपुर गांव में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे कक्षा एक के छात्र को तेज रफ्तार ईरिक्शा चालक ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
फोटो परिचय जांच करती पुलिस
राईपुरचिनहटपुर गांव निवासी तेज सिंह का 5 वर्षीय पुत्र अर्जुन गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। शुक्रवार की सुबह वह गांव के अन्य बच्चों के साथ हंसते-खेलते स्कूल जा रहा था। जैसे ही अर्जुन ने सड़क पार करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ईरिक्शा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
फोटो परिचय शव पर रोते परिजन
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सड़क पर दूर जा गिरा और लहुलुहान हो गया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। आनन-फानन में परिजनों को सूचना दी गई। बदहवास परिजन बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। अर्जुन अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा और सबका लाडला था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, मां पूजा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी इस घटना के बाद से शोक की लहर है। अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना का मेमो कोतवाली भेज दिया गया है। परिजन बच्चे का शव लेकर घर चले गए हैं। एस ओ नितिन चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है जाँच की जा रही हैं। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जायेगी।

