Breaking
20 Mar 2026, Fri

आंगनवाड़ी कार्यकत्री को गांव के दबंग ने फोन पर जान से मारने की दी धमकी मुकदमा दर्ज।

संवाददाता समाचार टाउन

कैंसर पीड़ित महिला को गांव का दबंग फोन पर कर रहा परेशान, अश्लील बातें और धमकी देने का आरोप

कायमगंज:विराहिमपुर जागीर गांव में एक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को गांव के ही एक दबंग ने फोन पर अश्लील बातें करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकत्री ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव का ही राजेश कुमार यादव उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी नए नए नंबरों से फोन कर अश्लील बातें करता है। विरोध करने पर वह पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता है।

पीड़िता ने बताया कि 17 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे, जब वह केंद्र पर राशन का वितरण कर रही थीं, तभी आरोपित ने गांव के ही एक अन्य युवक के मोबाइल से फोन किया और अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भी 11 फरवरी को आरोपी ने दूसरे नंबर से फोन कर परेशान किया था, जिसकी लिखित शिकायत कोतवाली में की गई थी। उस दौरान आरोपी डर के कारण 15 दिनों तक गांव से गायब रहा था, लेकिन वापस आते ही उसने फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

शिकायती पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने बताया कि वह शारीरिक रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और उनका इलाज लखनऊ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। आरोपी की हरकतों के कारण उन्हें भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपित राजेश कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!