संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक महोत्सव नगर में पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर संभवनाथ दिगंबर जैन समाज समिति की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा नगर जैन धर्म के रंग में रंगा नजर आया।
शोभायात्रा का शुभारंभ बजरिया रामलाल स्थित जैन मंदिर से विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। यहाँ से शुरू होकर यात्रा बजरिया, श्यामा गेट, लोहाई बाजार, बजजा, मुख्य चौराहा, गल्ला मंडी चौराहा, भूसा चौराहा और पटवन गली जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ का स्वागत किया। अंत में शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुँचकर संपन्न हुई।
फोटो परिचय भगवान महावीर स्वामी की शोभायात्रा निकली
शोभायात्रा में भगवान महावीर का सुसज्जित रथ मुख्य आकर्षण रहा। भक्तिमय वातावरण के बीच संतोष जैन रथ के सारथी बने, जबकि प्रभाकर जैन ने खब्बास की भूमिका निभाई। रथ पर कुबेर के रूप में नरेश जैन और इंद्र के रूप में अमन व दीपू धर्म की ध्वजा फहराते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान जैन समाज के महिला, पुरुष और बच्चे श्वेत वस्त्रों में सुसज्जित होकर भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प ले रहे थे। श्रद्धालु जय बोलो महावीर की और अहिंसा परमो धर्म के गगनभेदी नारे लगा रहे थे। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष कपिल जैन, महामंत्री आशीष जैन, कोषाध्यक्ष अमन जैन के अलावा विपिन जैन, अनिल जैन, प्रदीप जैन, सुधीर जैन, संजय जैन, डॉ. प्रदीप जैन, प्रद्युम्न जैन, पीयूष जैन, नरेन्द्र जैन, कमलेश जैन, हर्षवर्धन, अंकित, अखिलेश, धरणेन्द्र, राहुल और एंजिल जैन, ज्ञायक जैन नीटू, सुधा जैन, शिल्पी जैन रश्मि, अनीता, गुंजन, ममता, रेखा, शशि, अंकिता, सुनीता, प्रगति और आयुषी जैन मौजूद रही।

