संवाददाता समाचार टाउन
-चिलसरी गांव के भी आधा दर्जन से अधिक शांतिभंग में निरुद्ध, दो दिन पहले बच्चों से शुरू हुआ था विवाद
कोतवाली क्षेत्र कायमगंज के ममापुर और चिलसरी के ग्रामीणों के बीच बकरी चराने को लेकर हुआ विवाद रविवार को तूल पकड़ लिया था। ममापुर के गिहार बस्ती के लोगों द्वारा चिलसरी के बच्चों को गुलेल मारने के बाद मामला गरमा गया। जिस ओर चिलसरी के लोगों ने हमला कर दिया था। इस पर ममापुर गिहार बस्ती के नाराज लोगों ने पुलगालिब पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर लॉ एंड ऑर्डर सुरजीत सिंह ने बताया कि रविवार को चिलसरी गांव के कुछ बच्चे बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान ममापुर की गिहार बस्ती के लोगों ने उन पर गुलेल से पथराव कर दिया, जिससे बच्चों को लग गई थी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गिहार बस्ती के लोगों ने सड़क पर उतरकर पुलगालिब के पास जाम लगा दिया, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने उत्तेजित भीड़ को समझा-बुझाकर बमुश्किल जाम खुलवाया।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में ममापुर के रोहित, अंशू, विशाल, राहिल, सलिल, नीरू, राजा और रवि को गिरफ्तार किया था और उनका रविवार को शांतिभंग में चालान कर दिया। वहीं, मामले में दूसरे पक्ष चिलसरी गांव के भी करीब आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में निरुद्ध किया है।

