संवाददाता समाचार टाउन
–घटना में हत्या में इस्तेमाल हथियार भी पुलिस ने घर के पास बरामद किया
प्रेमनगर में हुई विवाहिता शिवानी की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विजय को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में हत्या में इस्तेमाल हथियार भी पुलिस ने घर के पास बरामद कर लिया है। वहीं, मामले में नामजद सास-ससुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
चार वर्ष पहले घसिया चिलौली निवासी चंद्रकिशोर कोरी ने अपनी पुत्री शिवानी का विवाह प्रेमनगर निवासी विजय के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष ने मकान बनवाने के लिए मायके से रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था। विरोध करने पर शिवानी को प्रताड़ित किया जाता था। बीते शनिवार को विवाद इतना बढ़ा कि पति, सास, ससुर और देवर ने मिलकर शिवानी की बेरहमी से पिटाई की। इसी दौरान पति विजय ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान लोहिया अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शिवानी अपने पीछे 14 माह की दुधमुंही बच्ची काव्या को बिलखता छोड़ गई है।
मामले की विवेचना कर रहे क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय को मुडौल ईट भट्टा के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों सास पुष्पा और ससुर रामनिवास की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

