संवाददाता समाचार टाउन
-दहेज में बाइक न मिलने पर हुआ था विवाद, गिरफ्तार आरोपित ने जुर्म कबूला, भेजा जेल
कायमगंज:कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में मुख्य आरोपित पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने महज एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टी-शर्ट भी बरामद कर ली है।
शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र निवासी रामसरन ने अपनी पुत्री सोभा देवी की शादी 8 अगस्त 2024 को अमिलैया मुकेरी निवासी शिवेन्द्र उर्फ पिन्टू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग को लेकर सोभा को प्रताड़ित कर रहा था। इसी विवाद के चलते बीती 30 मार्च को सोभा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में गठित टीम के उपनिरीक्षक ज्ञानप्रकाश पाण्डेय ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचरा रोड स्थित बम्बा मोड़ के पास से अभियुक्त शिवेन्द्र को दबोच लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद पुलिस ने वह टी-शर्ट भी बरामद की, जिससे गला घोंटने की बात सामने आई है। पुलिस हिरासत में आरोपी शिवेन्द्र ने खुलासा किया। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने बताया शादी के बाद ससुर ने बाइक देने का वादा किया था, जो दो साल बाद भी पूरा नहीं हुआ। 30 मार्च को इसी बात पर उसका सोभा से विवाद हुआ। गुस्से में उसने उसे थप्पड़ मारा, तो उसने बचाव में चप्पल उठा ली। तैश में आकर मैंने अपनी ही टी-शर्ट से उसका मुंह और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह सात माह की गर्भवती थी,
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपित शिवेन्द्र को जेल भेज दिया गया है।

