संवाददाता समाचार टाउन
नगर के मोहल्ला बजरिया रामलाल निवासी 10 वर्षीय बालक राज तीन दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था, उसे पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और कड़ी मशक्कत के बाद बालक को रेलवे स्टेशन से खोज निकाला। घर लौटते ही परिजनों की आँखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
बजरिया रामलाल निवासी मुन्ना लाल गुप्ता का 10 वर्षीय पुत्र राज शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर के पास से अचानक लापता हो गया था। राज मानसिक रूप से थोड़ा विक्षिप्त है, जिसके कारण परिवार वाले और अधिक चिंतित थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो शनिवार को पिता मुन्ना लाल ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। नगर के मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीमों का गठन किया। पुलिस ने बालक को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए। नगर के करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई ताकि बच्चे के मूवमेंट का पता चल सके। पुलिस टीमों ने आसपास के गांवों और सीमावर्ती जनपदों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
सोशल मीडिया और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।
मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बालक को रेलवे स्टेशन के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह जब बच्चे को लेकर उसके घर पहुंचे, तो वहां का दृश्य भावुक कर देने वाला था। मां गुड़िया और पिता मुन्ना लाल ने तीन दिन बाद अपने जिगर के टुकड़े को देखा तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने पुलिस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

