Breaking
15 Mar 2026, Sun

विधायक पति पर सूत मिल परिसर में मारपीट का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज:कंपिल थाना क्षेत्र के पुरौरी गांव निवासी एक युवक ने विधायक पति और उनके सहयोगियों पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

कंपिल थाना क्षेत्र के पुरौरी गांव निवासी किशन ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे विधायक पति डॉ. अजीत गंगवार सरकारी गनर और कुछ युवकों के साथ सूत मिल परिसर पहुंचे। आरोप है कि वहां उनके बेटे अखिलेश को भराव का मलबा ले जाने से रोका गया और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसे शिकायत न करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी के मुताबिक, तहरीर मिली है और पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

इनसेट

सपाई होने का ताना देकर पीटा, बूथ अध्यक्ष होने का दावा

कायमगंज:अस्पताल में मेडिकल कराने पहुंचे घायल अखिलेश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह वहां मलबा ढोकर अपना पेट पालता है। अखिलेश के अनुसार, उसने हमलावरों से कहा कि वह उन्हीं का कार्यकर्ता है, लेकिन इस पर सहयोगियों ने उसे सपा का आदमी बता दिया। पीड़ित ने सफाई दी कि जब विधायक डॉ. सुरभि सपा से चुनाव लड़ी थीं, तब से उसका नाता रहा है और वह अपना दल एस का बूथ अध्यक्ष भी रहा। अखिलेश का आरोप है कि इसके बाद भी उसे घेरकर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। उसने अपनी जान को खतरा बताया है।

इनसेट

वीडियो वायरल: मिट्टी ले गए तो लिखवा दूंगा मुकदमा।

कायमगंज:घटना के बीच करीब 30 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक पति सामने खड़े व्यक्ति से कहते दिख रहे हैं कि यहां से भराव का कार्य हो रहा है, मलबा ले जाओ कोई दिक्कत नहीं, लेकिन मिट्टी ले गए तो मुकदमा लिखवा दूंगा। इस पर सामने खड़ा व्यक्ति कहता उसने कुछ नहीं किया। हमारी ऐसी भाषा है यदि आपको गलत लगा है तो उसके लिए सॉरी बोलता हूं,

वीडियो में वह खनन का कार्य बंद कराने और वीडियो बना रहे व्यक्ति को मोबाइल बंद करने की हिदायत देते भी नजर आ रहे हैं।समाचार टाउन वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। यह जांच का विषय है।

इनसेट

विधायक पति बोले मारपीट का आरोप निराधार।

कायमगंज:इस संबंध में विधायक पति डॉ अजीत गंगवार का कहना कि वे वहां से गुजर रहे थे तभी रास्ते में अनियंत्रित गति से ट्रैक्टर दौड़ रहे थे। लोगों ने बताया कि सूत मिल से अवैध मिट्टी का खनन हो रहा है। इसी पर वे वहां गए थे। उन्होंने ठेकेदार को खनन न करने की हिदायत दी थी। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए जा रहे मारपीट के आरोप निराधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!