Breaking
19 Jul 2026, Sun

एसपीईएल के जरिए छात्र सीखेंगे अपराध नियंत्रण के गुर और ट्रैफिक और साइबर क्राइम की हकीकत।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज:कोतवाली में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एसपीईएल योजना का आगाज हुआ है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी और पुलिस विभाग के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के साथ ही विद्यार्थियों का कौशल विकास करना है। इस कार्यक्रम के तहत स्थानीय एलवाई डिग्री कॉलेज और बीएमडी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का 20 दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए सीसीटीएनएस प्रभारी नितिन मिश्रा ने कहा कि किताबी ज्ञान और व्यावहारिक धरातल में काफी अंतर होता है। इस अंतर को मिटाने के लिए छात्रों को पुलिस विशेषज्ञों की सीधी देखरेख में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

फोटो परिचय प्रशिक्षण देते सीसीटीएनएस प्रभारी नितिन मिश्रा 

इस 20 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में स्नातक स्तर के विद्यार्थी आपराधिक प्रक्रिया, अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम और मानव तस्करी जैसे गंभीर और संवेदनशील विषयों की जमीनी हकीकत को करीब से समझ सकेंगे। पुलिस विभाग का मानना है कि इस योजना से युवाओं के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त भ्रांतियां दूर होंगी और वे पुलिस मित्र के रूप में विकसित होंगे। सीसीटीएनएस प्रभारी ने कहा, इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवा हमारी चुनौतियों को समझेंगे और भविष्य में समाज के बीच पुलिस के सकारात्मक पक्ष को रखने वाले ब्रांड एंबेसडर बनेंगे।

कार्यक्रम के तहत दोनों डिग्री कॉलेजों के एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स को रोजाना दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान एलवाई डिग्री कॉलेज से शिवानी, रानी, शिवांग मिश्रा, सचिन, सौरभ, शिवांगी मिश्रा और बीएमडी कॉलेज से यश तिवारी, गौरांग तिवारी, दिव्यांश शर्मा, रिचा पाल व इंदु तिवारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!