Breaking
5 Nov 2026, Thu

खेत में पानी लगा रहे युवक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से वार कर किया घायल।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ग्राम चिलसरी में खेत में पानी लगा रहे एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिलसरी निवासी विवेक कुमार पुत्र गोपी सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे उनके मौसा शिशुपाल पुत्र वेदराम अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के फूलसिंह पुत्र रामभरोसे, हरिवंश और अमित पुत्रगण फूलसिंह अपने दो अज्ञात साथियों के साथ हाथों में हथियार और सरिया लेकर खेत पर पहुंच गए।

आरोप है कि पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस दौरान हरिवंश ने खेत में रखा फावड़ा उठाकर फूलसिंह को दे दिया, जिसके बाद फूलसिंह ने शिशुपाल पर वार कर दिया। इसके बाद हरिवंश और अमित ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर शिशुपाल को हथियारों और सरिया से पीटना शुरू कर दिया। हमले में उनके हाथ की उंगलियां कट गईं तथा सिर और अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।

तहरीर के अनुसार, हमलावर घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल शिशुपाल को हमलावरों से बचाया। इसके बाद मोबाइल से एंबुलेंस को सूचना देकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!