Breaking
28 Oct 2026, Wed

तेज रफ्तार DCM ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, 20 वर्षीय युवक की मौत, पत्नी काजल घायल।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार DCM की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल पत्नी का उपचार जारी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

मृतक की पहचान गौरव सक्सेना (20) पुत्र सरवन सक्सेना निवासी गांव रुकधनी, थाना धुमरी, जनपद एटा के रूप में हुई है। बताया गया कि दो दिन पूर्व गौरव अपनी पत्नी काजल को बाइक पर बैठाकर अपने ममिया ससुर वादाम सिंह निवासी रमापुर, थाना शमसाबाद के यहां आया था।

बुधवार को दोनों बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक कायमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पपड़ी मिलकिया के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार DCM ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से घायल गौरव और उसकी पत्नी काजल को सीएचसी कायमगंज लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमित कुमार ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल काजल का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

गौरव की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी काजल अपने पति को खोने के गम में बदहवास हो गई। घटना की खबर से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद DCM चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!