संवाददाता समाचार पत्र
कायमगंज/फर्रुखाबाद:साहसी बालिका संस्था, कायमगंज द्वारा संस्था के स्थापना दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 20 वृद्ध एवं आश्रित महिलाओं को सम्मानित कर उनके संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान को सलाम किया गया। इस दौरान कायमगंज तहसील के उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा और शीलू पठान ने सभी महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर तथा मां दुर्गा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उन महिलाओं के संघर्ष और आत्मबल को सम्मान देना था, जिन्होंने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए हार नहीं मानी। विशेष रूप से उन माताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने जीवनसाथी को खोने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और तमाम चुनौतियों के बीच अपने बच्चों की परवरिश की। उन्होंने संघर्ष करते हुए अपने बच्चों को पढ़ाया-लिखाया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इन महिलाओं के जीवन की संघर्षपूर्ण कहानियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी परिवार की जिम्मेदारियां निभाना और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करना उनके साहस, धैर्य और समर्पण को दर्शाता है। संस्था की इस पहल ने न केवल महिलाओं को सम्मान और अपनापन दिया, बल्कि समाज को भी उनके योगदान को समझने का संदेश दिया।

सम्मान समारोह के दौरान महिलाओं के चेहरे पर खुशी और भावुकता देखने को मिली। संस्था की ओर से की गई इस पहल को सामाजिक संवेदनशीलता, महिला सम्मान और सेवा भावना से जुड़ा सराहनीय प्रयास माना गया। ऐसे आयोजन समाज में बुजुर्गों और जरूरतमंद महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था से जुड़ी खुशबू मिश्रा, सिल्की मिश्रा,अंकुर मिश्रा, गरिमा, संजना, दिव्या, अंजू, चांदनी, निकेता, चिराग, किरन, कनक, कुमकुम, अनुष्का, मंजू मिश्रा, सौम्या मिश्रा सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया। संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में मानवीय संवेदनाओं और महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायक कदम बताया गया।

