संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील परिसर में महिला पुलिसकर्मियों की ओर से मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने तहसील परिसर में मौजूद महिलाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को सरकार की ओर से महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए जारी किए गए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या अन्य परेशानी होने पर महिलाएं संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से कहा कि किसी भी परेशानी को लेकर चुप न रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की मदद लें। साथ ही महिलाओं को साइबर अपराध और अन्य प्रकार के अपराधों से बचाव को लेकर भी जागरूक किया गया।
महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से तहसील परिसर में मौजूद महिलाओं को जागरूकता संबंधी पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। पुस्तिकाओं के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी गई।
महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

