संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:तहसील कायमगंज में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पहुंचकर आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस सहित अन्य विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को सुनते हुए संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। किसी भी शिकायत को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में विशेष रुचि लें।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम एवं एसपी ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उसे अपनी समस्या के समाधान की वास्तविक स्थिति पता चल सके।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और प्रत्येक फरियादी को उचित सुनवाई का भरोसा दिलाने पर जोर दिया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनशिकायतों का प्रभावी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

