संवाददाता समाचार टाउन
क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में होगा कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश:मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 20 नवंबर को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कार्यक्रम स्थल क्रिश्चियन इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। समारोह में कुल 419 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विवाह समारोह में आने वाले वर-वधू एवं उनके परिजनों की सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग तथा सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे कार्यक्रम में शामिल होने वाले जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सामूहिक विवाह समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
