संवाददाता समाचार टाउन
लाल गेट से चौक तक किया भ्रमण, मिठाई की दुकानों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की जांच कर दिए आवश्यक निर्देश

फर्रुखाबाद:धनतेरस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने लाल गेट से चौक तक पैदल निरीक्षण करते हुए बाजारों में भीड़भाड़, सुरक्षा इंतजाम और अन्य व्यवस्थाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की वैधता तिथि की जांच की। वहीं ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों ने दुकानदारों से सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को बाजारों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, आकर्षक सजावट और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

