संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के ललैया गांव में आठ माह की गर्भवती 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ललैया गांव निवासी जयवीर जाटव अपनी पत्नी सपना और मां लौंगश्री के साथ हरियाणा के बल्लभगढ़ में मजदूरी करता था। करीब तीन दिन पहले जयवीर अपनी पत्नी और मां को लेकर अपने पैतृक गांव लौटा था। बुधवार को अचानक सपना की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल पहुंचने पर सपना की मौत हो गई। मृतका आठ माह की गर्भवती थी। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। तहसीलदार अरविंद सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

