संवाददाता समाचार टाउन
हादसे में दोनों बाइक सवार हुए घायल, सीएचसी कायमगंज में एक ने तोड़ा दम, दूसरा लोहिया अस्पताल रेफर
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुद्दीपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल किशोर की हालत गंभीर देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान शमशाबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी परम सिंह राठौर के 20 वर्षीय पुत्र अंकुल के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के पिता को गले लगाकर ढांढस बंधाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता परम सिंह राठौर ने बताया कि अंकुल गांव में ही कारचोब कारीगर का काम करता था। सोमवार को वह काम के सिलसिले में बाइक से अचरा गया था। वहां से वापस लौटते समय कुद्दीपुर मोड़ के पास उसकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। अंकुल पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दूसरे घायल बाइक सवार की पहचान मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा खजुरिया गांव निवासी कैलाश चंद्र के 16 वर्षीय पुत्र सुमित के रूप में हुई है। बताया गया कि सुमित अपनी बहन शिवम, पत्नी सपना निवासी प्रेमनगर को लेने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कुद्दीपुर मोड़ के पास हादसा हो गया।
दुर्घटना में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी कायमगंज में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

