संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। करीब 35 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी नन्हे बंजारा उर्फ नसीम को पुलिस ने अचरा क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना नाम बदलकर दिल्ली में रह रहा था।
थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल के अनुसार, नगर के पृथ्वी दरवाजा निवासी उजागर ने वर्ष 1991 में अपनी पत्नी हसीना के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच के दौरान हसीना को बरामद कर लिया गया था। मामले की जांच में नन्हे समेत करीब 10 लोगों के नाम सामने आए थे।
मामले में पुलिस ने 18 जून 1991 को न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की थी। आरोपी नन्हे को न्यायालय से जमानत मिल गई थी, लेकिन इसके बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
लगातार न्यायालय में पेश न होने पर फर्रुखाबाद के स्पेशल जज ने 28 अक्टूबर 2022 को आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी।
कुआंखेड़ा चौकी प्रभारी शिव कुमार सिंह को आरोपी के शाहजहांपुर के कांठ क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि आरोपी ने अपना नाम बदल लिया था और बाद में दिल्ली जाकर नर्सरी में काम करने लगा था।
पुलिस ने जानकारी जुटाकर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे अचरा क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। करीब साढ़े तीन दशक से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की लंबी तलाश के बाद मिली सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

