संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर के एसएनएम इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित तीसरे अंतरराज्यीय ज्ञान कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच में किड्स कॉर्नर क्रिकेट क्लब फिरोजाबाद की टीम ने सहारा इलेवन अलीगढ़ को 183 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फिरोजाबाद की टीम ने निर्धारित ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 277 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रितिक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 106 रनों की शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 10 छक्के और 9 चौके शामिल रहे। रितिक के शानदार प्रदर्शन ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारा इलेवन अलीगढ़ की टीम फिरोजाबाद के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। लगातार विकेट गिरने के कारण पूरी टीम महज 94 रनों पर सिमट गई। इस तरह फिरोजाबाद की टीम ने 183 रनों से बड़ी जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जनप्रतिनिधि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।

