संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रही तेज रफ्तार निजी स्लीपर बस बुधवार सुबह कायमगंज के टेढ़ीकोन पर हादसे का शिकार हो गई। अताईपुर मार्ग की ओर से अचानक सामने आए ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री छायागृह में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छायागृह पूरी तरह भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली के सीलमपुर से फर्रुखाबाद के लिए विमल चतुर्वेदी की बस सुबह करीब आठ बजे कायमगंज के टेढ़ीकोन पहुंची थी। इसी दौरान अताईपुर की ओर से आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक बस के सामने आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे यात्री छायागृह में जा घुसी। बस की जोरदार टक्कर से छायागृह पूरी तरह धराशायी हो गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। सुबह का समय होने के कारण अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर और छायागृह गिरने से बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी मिली है। हादसे के बाद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक भी ट्रैक्टर लेकर वहां से चला गया।
तेज रफ्तार निजी बसों पर उठ रहे सवाल
इस हादसे ने दिल्ली से फर्रुखाबाद और आसपास के क्षेत्रों में संचालित होने वाली निजी स्लीपर बसों की रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर प्रतिदिन कई निजी कंपनियों की बसें दिल्ली के लिए और दिल्ली से फर्रुखाबाद की ओर धड़ल्ले से दौड़ती हैं।

फर्रुखाबाद से शमशाबाद और कायमगंज तक जगह-जगह इन बसों के काउंटर भी संचालित हैं। आरोप है कि कई बसें तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ती हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। अब सवाल यह है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग इन बसों की गति और संचालन व्यवस्था पर कब प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

