Breaking
5 Nov 2026, Thu

कोतवाली कायमगंज के पास शौचालय में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, मचा हड़कंप।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली कायमगंज के निकट बने सार्वजनिक शौचालय में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पड़ा मिला। युवक के काफी देर तक शौचालय से बाहर नहीं निकलने पर वहां मौजूद कर्मचारी को शक हुआ। इसके बाद कर्मचारी ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शौचालय का गेट खुलवाकर युवक को बाहर निकाला। पुलिस युवक को आनन-फानन में नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंची, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान इसरार पुत्र अकराम निवासी गांव हंसापुर गोराई, थाना शमशाबाद के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों के अनुसार इसरार किसी कार्य से फर्रुखाबाद गया हुआ था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। इसी बीच उसकी मौत की खबर मिल गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही युवक के शव को अपने घर ले गए।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि शौचालय के अंदर एक युवक के होने और काफी देर तक गेट न खोलने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने घर ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!