Breaking
31 Oct 2026, Sat

कुबेरपुर में कपड़ा कारखाने में लगी आग, 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली कायमगंज से सटे गांव कुबेरपुर में शुक्रवार शाम एक गोदाम में संचालित कपड़ा कारखाने में अचानक आग लग गई। शाम करीब 6:30 बजे कारखाने से आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से कारखाने में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। कारखाना मालिक के अनुसार, आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कायमगंज के बजरिया जोगराज निवासी मोहम्मद हाशिम पुत्र सज्जाद हुसैन का कुबेरपुर गांव में जोया क्लाथ स्टोर के नाम से कारखाना संचालित है। इस कारखाने में लोअर, टी-शर्ट और कुर्ती बनाने का काम किया जाता था। शुक्रवार शाम अचानक कारखाने में आग लग गई।

पड़ोस में रहने वाले फैजान नाम के युवक ने कारखाने से आग की लपटें निकलती देखीं तो तत्काल कारखाना मालिक मोहम्मद हाशिम को सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोगों को एकत्र कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने घरों में लगे समरसेबिल पंपों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।

कारखाना मालिक मोहम्मद हाशिम के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना देने के करीब 30 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

कायमगंज मंडी से महेश चंद्र पाल, सत्यभान और अनिल कुमार की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं दूसरी टीम में ईश कुमार, सुमित, अमित, कौशलेन्द्र और कृष्ण कुमार भी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए अलीगंज, एटा यूनिट से भी दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंचीं।

घटना की सूचना मिलने पर फायर सर्विस ऑफिसर (एफएसओ) प्रांशु अवस्थी फतेहगढ़ से मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने की घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। कारखाने में कपड़े तैयार किए जाने का काम होता था, ऐसे में आग से तैयार कपड़ों और अन्य सामान के जलने से भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

कारखाना मालिक के अनुसार, आग से करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!