Breaking
1 Nov 2026, Sun

रंगीन लड्डू बनाने के कारखाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, नमूने लेकर किए सील।

संवाददाता समाचार टाउन 

लालपुर पट्टी गांव में घर के अंदर चल रहा था कारखाना, लाइसेंस व जरूरी कागजात नहीं दिखा सका संचालक

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज क्षेत्र में रंगीन लड्डू और सोनपपड़ी बनाने वाले एक कारखाने पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। लालपुर पट्टी गांव में एक घर के अंदर संचालित हो रहे कारखाने में टीम ने तैयार और अधबने लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए सील कर दिए। जांच के दौरान कारखाना संचालक मौके से चला गया, जबकि उसके भाई से टीम ने जानकारी जुटाई। कार्रवाई के दौरान गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, कायमगंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रंगीन लड्डू और सोनपपड़ी बनाकर स्थानीय बाजारों में आपूर्ति किए जाने की शिकायतें खाद्य सुरक्षा विभाग को मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर पुलिस बल के साथ लालपुर पट्टी गांव स्थित कारखाने पर पहुंचे।

टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही कारखाना संचालक राकेश मौके से चला गया। वहां उसका भाई मिला। जांच के दौरान कारखाने का लाइसेंस और अन्य जरूरी कागजात नहीं दिखाए जा सके। इसके बाद टीम ने कारखाने में तैयार और अधबने लड्डुओं के नमूने लेकर जांच के लिए सील कर दिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर ने बताया कि कायमगंज क्षेत्र में कई जगह रंगीन लड्डुओं की बिक्री की जा रही है। जब दुकानदारों से इन लड्डुओं के निर्माण और बिक्री के संबंध में जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि लड्डू उनके यहां नहीं बनाए जाते हैं, बल्कि एक ही स्थान से तैयार करके दुकानों तक पहुंचाए जाते हैं।

दुकानदारों से मिली जानकारी के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संबंधित स्थान का पता लगाया और लालपुर पट्टी गांव में संचालित कारखाने पर छापा मारा।

नमूनों की जांच के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कारखाने का लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं दिखाए जाने के मामले में विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ सकती है।

कार्रवाई के दौरान गांव में लोगों की भीड़ जमा रही। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिठाई कारोबारियों के बीच भी हलचल देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!