Breaking
22 Nov 2026, Sun

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने कायमगंज में परखी व्यवस्थाएं, नए वोटरों के नाम जोड़ने पर दिया जोर।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कायमगंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने तहसील के सामने स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में बूथ संख्या 158 तथा संविलियन विद्यालय नगर क्षेत्र कायमगंज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण, बूथों के समायोजन और मतदाताओं से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने मतदेय स्थल पर चस्पा मतदाता विवरण का भी अवलोकन किया। सूची में दर्ज त्रुटियों और काट-छांट को दुरुस्त कर सही प्रिंट चस्पा कराने के निर्देश दिए।

बीएलओ राजन कुमार ने बताया कि बूथ समायोजन के बाद संबंधित बूथ पर दो अनुभाग बनाए गए हैं। यहां कुल 610 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 328 पुरुष और 282 महिला मतदाता शामिल हैं। बूथ का जेंडर रेशियो 859 बताया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं के बूथ में बदलाव किया गया है, उन्हें इसकी जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं को लिखित नोटिस देकर नए बूथ की जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी मतदाता को मतदान के समय परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बीएलओ, सभासदों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि घर-घर जाकर सूची का सत्यापन किया जाए, ताकि किसी व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज न रहे और गलत प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए डीएम ने आसपास के इंटर और डिग्री कॉलेजों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ को घर-घर संपर्क करने के साथ कॉलेजों में भी छात्र-छात्राओं को जागरूक करने को कहा। निर्देश दिए कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एडीएम अरुण सिंह, एसडीएम अभिषेक वर्मा और सीओ अजय वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता बरतने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभियान पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!