संवाददाता समाचार टाउन
फतेहगढ़/उत्तर प्रदेश:आज पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने पुलिस ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस झण्डा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा जारी संदेश को पढ़कर उपस्थित पुलिसकर्मियों को सुनाया गया। एसपी आरती सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस विभाग के गौरव, सम्मान, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। इसकी गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।

