संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली क्षेत्र के पितौरा स्थित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने विद्यालय के दरवाजे का इंटरलॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के किचन में रखा सामान, बच्चों की खेलने की किट और सिलाई मशीन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9 बजे रसोइया विद्यालय पहुंची, तो स्कूल के दरवाजे और खिड़की के लॉक टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो किचन का सामान अस्त-व्यस्त था और विद्यालय से बच्चों के खेलने की किट तथा सिलाई मशीन भी गायब थी। चोरी की जानकारी मिलते ही विद्यालय में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रभा कुमारी ने कायमगंज कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्रधानाध्यापिका से चोरी गए सामान का विवरण देते हुए तहरीर देने को कहा है।
विद्यालय में चोरी की घटना से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

