Breaking
23 Mar 2026, Mon

समाधान दिवस में 46 शिकायतों में से मात्र 4 का मौके पर  निस्तारण,गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज:तहसील परिसर में शनिवार को उप जिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मौके पर केवल 4 का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कायमगंज, कंपिल व मेरापुर थाना प्रभारी, सीएचसी एमओआईसी तथा आरईएस के सहायक अभियंता के गैरहाजिर होने पर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। फरियादियों में गांव मझोला निवासी सुधा ने आरोप लगाते हुए बताया कि 19 मार्च को जब वह घर में अकेली थी, तब गांव का एक दबंग शराब के नशे में उनके घर में घुस आया। आरोपी ने सुधा और उसके पति के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर अपने परिजनों के साथ मिलकर घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें सुधा घायल हो गई। बीच-बचाव करने आई उसकी मां को भी पीटा गया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने बक्से का ताला तोड़कर जेवर और 12 हजार रुपये नकद लूट लिए।

एसडीएम ने इस मामले में पुलिस को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। मेहंदीबाग निवासी मयंक मिश्रा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने शिकायत की कि घरेलू कनेक्शन का बिल समय पर जमा करने के बावजूद एसडीओ ने उनका कनेक्शन काट दिया। संपर्क करने पर विभाग की ओर से एडवांस जमा करने का तर्क दिया गया। एसडीएम ने इस मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। इस मौके पर तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर, एसडीओ विनोद कनौजिया आदि विभागों के अधिकारी और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!