Breaking
8 Mar 2026, Sun

प्रसव के बाद स्टाफ नर्स की अवैध वसूली, रुपये कम मिलने पर प्रसूता के पति को मारा थप्पड़ वीडियो वायरल।

संवाददाता समाचार टाउन

सीएचसी में अवैध वसूली का आरोप, वीडियो के आधार पर स्टाफ नर्स को नोटिस, अधीक्षक ने जांच के दिए आदेश

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में प्रसव के बाद स्टाफ नर्स पर संवेदनहीनता और वसूली का आरोप लगा है। नर्स ने प्रसूता के परिजनों से 2100 रुपये की मांग की। रुपये कम देने पर नर्स न केवल आगबबूला हो गई, बल्कि उसने प्रसूता के पति को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। अधीक्षक ने आरोपित नर्स को नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है।

गऊटोला गांव निवासी जगतराम ने बताया कि उनकी पुत्रवधू जयदेवी की आठ मार्च की रात करीब एक बजे डिलीवरी हुई थी। जयदेवी ने एक बेटे को जन्म दिया। जगतराम के अनुसार, डिलीवरी के बाद ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने जच्चा-बच्चा को सकुशल संभालने के बदले 2100 रुपये की मांग की। परिजनों ने अपनी खुशी से 700 रुपये नर्स को देने चाहे, जिससे नर्स भड़क गई।

रुपये फेंककर तीमारदारों को डराया-धमकाया।

आरोप है कि नर्स ने 700 रुपये लेने से इनकार करते हुए उन्हें फेंक दिया। इतना ही नहीं, प्रसूता के पति को थप्पड़ मार दिया और परिजनों को धमकाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद अन्य मरीजों के तीमारदारों ने नर्स की इस अभद्रता और अवैध वसूली का वीडियो बना लिया। इस वीडियो को साक्ष्य के तौर पर परिजनों ने अस्पताल अधीक्षक को सौंपते हुए नर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि घटना बेहद निंदनीय है। आरोपित नर्स को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। अधीक्षक ने बताया कि मामले से मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है और दोषी नर्स के खिलाफ कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!