संवाददाता समाचार टाउन
फर्रुखाबाद की कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र स्थित टिलिया ग्वालटोली मोहल्ले में एक 19 वर्षीय युवती का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
“फर्रुखाबाद के कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में एक युवती ने फांसी का फंदा लगा कर जान दे दी। मृतका की पहचान रामवीर की पुत्री नैना (19) के रूप में हुई है। जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि नैना की मां का पहले ही निधन हो चुका है। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं और घटना के समय अपने बेटे के साथ काम पर गए हुए थे।

नैना की छोटी बहन काजल जब स्कूल से लौटकर घर पहुंची, तो उसने नैना को फांसी के फंदे पर लटका पाया। इसके बाद उसने परिवार और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी।
मृतका के भाई राजू ने मोहल्ले के ही तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। राजू का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है।

कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर मॉर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिल्ड यूनिट ने सबूत इक्कठा किए हैं और शव को कब्जे में लेकर के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

