संवाददाता समाचार टाउन
एसएनएम ग्राउंड में दुकानों का निरीक्षण करते अग्निशमन कर्मचारी
कायमगंज फर्रुखाबाद:दीपावली पर्व को लेकर कायमगंज में रौनक चरम पर है। रविवार को एसएनएम ग्राउंड में प्रशासन की अनुमति से पटाखों की अस्थायी दुकानें सजाई गईं। चारों ओर रंग-बिरंगे टेंट, झिलमिल लाइटों और पटाखों की चमक ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

बच्चे, युवक और बुजुर्ग सभी पटाखों की खरीदारी में व्यस्त दिखाई दिए। इस बार दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन विशेष सतर्क है। अग्निशमन विभाग की ओर से मैदान में दमकल वाहन तैनात किया गया है। प्रत्येक दुकान के बीच तीन मीटर की दूरी रखी गई है ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

नगर पालिका ने मैदान की सफाई और पानी की व्यवस्था भी की है। वहीं अग्निशमन विभाग के फायरमैन ललित कुमार, राजबीर सिंह और चालक हरिओम शर्मा ने दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के बाहर पानी के ड्रम कम भरे पाए गए, जिस पर तुरंत पानी भरवाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दुकानदारों के लाइसेंस चेक किए गए और उन्हें आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। ग्राउंड में कुल 51 दुकानें लगाई गई हैं। दुकानों के पास एक-एक पानी का ड्रम, दो पानी के टैंकर, और एक फायर बिग्रेड वाहन हर समय तैयार रखा गया है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से पटाखा बाजार के आसपास वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी नियंत्रित की गई है। पुलिस ने लोगों से दुकानों से 10 मीटर दूर बाइक खड़ी करने की अपील की है।
दोपहर से लेकर शाम तक पटाखा बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। इस बार बाजार में रंगीन फुलझड़ी, अनार, रॉकेट, चकरी और लड़ी जैसे पारंपरिक पटाखों के साथ-साथ ग्रीन क्रैकर्स की मांग में इजाफा देखा गया। दुकानदारों के अनुसार, लोग अब पर्यावरण के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं।

