Breaking
13 Mar 2026, Fri

संवाददाता समाचार टाउन

-कायमगंज-अलीगंज मार्ग की घटना, चीख-पुकार मचने पर ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस ने शुरू की तलाश

कायमगंज:कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बेखौफ बाइक सवार लुटेरों ने भाई के साथ जा रही एक महिला के कानों से कुंडल नोच लिए। महिला के शोर मचाने पर पीछे से आ रही एक कार सवार और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का पीछा किया, जिससे घबराकर लुटेरे सड़क किनारे बाइक समेत गिर पड़े। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू को बाइक पर बैठाकर एटा जनपद के ग्राम लहटोरा जा रहे थे। दोपहर के समय जब वे कायमगंज अलीगंज मार्ग स्थित ढमढेरा और बिराहिमपुर गांव के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने चलती बाइक पर मंजू के कानों पर झपट्टा मारा। पीड़िता ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से कुंडल काले धागे से बांध रखे थे, लेकिन लुटेरों ने इतनी तेजी से झटका दिया कि धागा टूट गया और वे कुंडल लेकर रफूचक्कर हो गए। मंजू के चीखने-चिल्लाने पर पीछे से आ रही एक कार में सवार लोगों ने तत्परता दिखाई और लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया।

फोटो परिचय पीड़ित महिला

खुद को घिरता देख बदमाश हड़बड़ा गए और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके की ओर दौड़ पड़े। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पीड़िता मंजू ने बताया कि वह अपने भाई के साथ अपनी ननद को देखने जा रही थी, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर गई भेज थी। लुटेरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!