संवाददाता समाचार टाउन
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव अमलैया मुकेरी में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। ससुराल बालों ने विवाहिता की मौत की वजह बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में जीने से गिरने से बताई है। पुलिस ने मौके पर जांच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमलैया मुकेरी गांव शोभा जाटव के परिजनों ने बताया कि वह घर की छत पर थीं, तभी अचानक बंदरों का झुंड वहां आ गया। बंदरों के हमले से बचने के लिए शोभा तेजी से जीने की ओर भागीं। इसी आपाधापी में उनका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका सात माह की गर्भवती थी। हादसे की खबर मिलते ही शोभा के मायके अजमापुर थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर से परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
फोटो परिचय मृतका का फाइल फोटो
परिजनों ने बताया कि शोभा का विवाह 14 अगस्त 2024 को शिवेंद्र के साथ हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया प्रारंभिक जांच में महिला की मौत छत से गिरने के कारण सामने आ रही है। मायके पक्ष की ओर से फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

