संवाददाता समाचार टाउन
जहानगंज क्षेत्र के गांव नगला तरा में मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह खेत में उसका शव लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना से परिजन बेसुध हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

नगला तरा निवासी अशोक कुमार का 27 वर्षीय पुत्र सिकंदर सोमवार रात किसी समय घर से बिना बताए निकल गया। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे खेतों की ओर काम करने पहुंचे किसानों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर आम के पेड़ पर मफलर के सहारे शव लटका देखा। इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पिता अशोक कुमार, भाई मिथुन व इसेन्द्र, बहन सुनहरी और मां मीरा देवी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

परिजनों ने बताया कि सिकंदर बीएड की पढ़ाई पूरी कर चुका था और बीटीसी करने के बाद प्रशिक्षण कर रहा था। सरकारी नौकरी न मिलने के कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में रहता था। पांच दिन पूर्व घर वाले उसके लिए रिश्ता देखने गए थे, लेकिन उसने फिलहाल शादी से भी इनकार कर दिया था। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पंचनामा की कार्रवाई के लिए पहुंचे एसआई अवधेश अवस्थी को परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिसके चलते आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।

