संवाददाता समाचार टाउन
भाई दूज के अवसर पर आज फर्रुखाबाद में रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों को भारी कठिनाईयो का सामना करना पड़ा।यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए तमाम दावों के बावजूद,सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ के कारण बसों का गहरा संकट खड़ा रहा।खासकर हरदोई और बरेली जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानियों को झेलनी पड़ी।

बसों की संख्या यात्रियों की अपेक्षा कम होने के कारण हरदोई,इटावा,बरेली और बदायूं की ओर जाने वाली बहनों को काफी देर तक बसों का इंतजार के साथ साथ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।हरदोई और बरेली वाले रूट के लिए काफी बसों की कमी देखी गई।
बस स्टैंड पर जैसे ही कोई बस आती,उसमें सीट पाने के लिए महिला यात्रियों के बीच मारामारी मची रही।कई यात्री तो बस के रुकने और बस में पहले से मौजूद सवारियों के उतरने का इंतजार किए बिना ही खिड़कियों से अंदर घुसने की कोशिश करते दिखे। रोडवेज द्वारा भाई दूज के लिए किए गए विशेष व्यवस्था के दावे धरातल पर खरे नहीं उतर पाए।

त्योहारों को देखते हुए डग्गामार वाहनों ने उठाया फायदा,वसूला मनमाना किराया।
इन अवैध वाहनों में सवारियां लटकती नज़र आईं और चालकों ने मनमाना किराया वसूला। त्योहार के दिन यात्रियों को निजी बसों में भी काफी मशक्कत के बाद ही यात्रा करने का मौका मिला।
200 बसें रवाना,जाम को बताया गया कमी का कारण
निगम के कर्मचारियों ने इस स्थिति पर सफाई देते हुए बताया कि डिपो के अलावा अन्य डिपो से सुबह से अब तक लगभग 200 बसें विभिन्न गंतव्यों के लिए रवाना हो चुकी हैं।हालांकि, यात्रियों की भारी संख्या के कारण कई प्रमुख मार्गों पर बसों की कमी बनी रही।कर्मचारियों का कहना था कि जाम में बसें फँसी हुई हैं,बसों की कोई कमी नहीं है।
रोडवेज बस स्टैंड पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मौजूद रहा।बड़ी संख्या में महिला,पुरुष पुलिस कर्मी रोडवेज बस स्टैंड पर नज़र बनाए रहे।

