संवाददाता समाचार टाउन
–ज्यौना में महीनों तक धीरे-धीरे चोरी होता रहा धान, बाजरा और सरसों; वीडियो में कबूला जुर्म
कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र के ग्राम ज्यौना स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी से चोरों ने पिछले कुछ महीनों में करीब 265 बोरी अनाज पार कर दिया। पीड़ित व्यापारी ने तीन युवकों पर चोरी का आरोप लगाते हुए एसपी से गुहार लगाई थी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्योना निवासी शर्मा ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर अनूप शर्मा ने एसपी को प्रार्थना में कहा है कि उनकी फर्म ज्यौना गांव में स्थित है। आरोप है कि अक्टूबर 2025 से 6 जनवरी के बीच उनकी दुकान से लगभग 160 बोरी धान, 40 बोरी बाजरा और 65 बोरी सरसों धीरे-धीरे चोरी कर ली गई।
पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही नितिन कुमार, सचिन और सामोद निवासी ज्यौनी नगला तरा ने इस वारदात को अंजाम दिया है। तहरीर के अनुसार, आरोपी सामोद ने एक वीडियो में खुद अनाज चोरी करने की बात स्वीकार की है। जब पीड़ित ने अपना माल वापस मांगा, तो आरोपियों ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अनूप शर्मा का कहना बताया कि उन्होंने 14 जनवरी को थाना पुलिस और 21 जनवरी को क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद एसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
