Breaking
13 May 2026, Wed

दबंगो ने घर में घुसकर की तोड़फोड़,फायरिंग,मकान कब्जाने का प्रयास रिपोर्ट दर्ज।

संवाददाता समाचार टाउन

छतरई का मामला, 10.60 लाख में बेचे मकान पर नीयत बिगड़ी, विरोध करने पर खरीदार को जमकर पीटा, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र के कुआंखेड़ा के मजरा छतरई में जमीन के सौदे को लेकर एक महिला और उसके पति ने नकद रुपये लेकर मकान बेचने के बाद अब उस पर अवैध कब्जा करने की नीयत से खरीदार पर जानलेवा हमला कर दिया। कोर्ट के आदेश कर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तराई के छतरई निवासी जय शाक्य ने 24 जुलाई 2024 को गांव की ही मैनाज बेगम से उनका मकान 10 लाख 60 हजार रुपये में नकद देकर खरीदा था। जान-पहचान और विश्वास के चलते जय शाक्य ने रजिस्ट्री की जगह केवल नोटरी रसीद व अधिकार पत्र ही अपने पक्ष में निष्पादित करा लिया था और वह तब से उसी मकान में रह रहा है। आरोप है कि कुछ समय बाद मैनाज बेगम और उनके पति शमशाद की नीयत खराब हो गई। 15 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 9 बजे शमशाद अपने साथ कुछ असामाजिक तत्वों को लेकर जबरन जय शाक्य के घर में घुस गया। विरोध करने पर शमशाद ने जान से मारने की नीयत से जय पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।

पीड़ित ने बताया कि जब वह जान बचाने के लिए कमरे में छिप गया, तो दबंगों ने दरवाजा तोड़ दिया और उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा। घर में रखा घरेलू सामान भी तोड़ दिया गया, जिससे करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और 15 दिन में मकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि वह घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली गया गया तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट में शरण ली। जहाँ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दंपति समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!