संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:एक साल पहले कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर में दरवाजे को लेकर हुए मामूली विवाद के मामले ने पुलिस ने मारपीट का मामला मुकदमे में तरमीम कर लिया है।
प्रेमनगर निवासी ओम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 फरवरी 2025 को वह विद्या मंदिर डिग्री कॉलेज के पास स्थित अपनी दुकान पर था। तभी पड़ोस के ही रहने वाले कुंदन गिहार, मिथुन गिहार और रजत वहां आ धमके। आरोपी दरवाजे को खोलने की बात को लेकर विवाद करने लगे और गाली-गलौज पर उतारू हो गए। ओम सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने उन्हें लात-घूसों और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
पिता को पिटता देख जब उनका पुत्र शैलेंद्र बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उस पर भी लाठियों से वार कर दिया। हमले में शैलेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया था। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर की थी। पुलिस ने बताया अब मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एनसीआर को मुकदमा में तरमीम कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

