संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज में इन दिनों जादू खेल की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जहां कुछ निजी स्कूल अतिरिक्त शुल्क लेकर अपने बच्चों को यह शो दिखा रहे हैं, वहीं कोतवाली पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।

बाल दिवस के मौके पर इंस्पेक्टर लाइन ऑर्डर मोहम्मद कामिल ने ईंट भट्टों पर मजदूरी कर रहे श्रमिक परिवारों के बच्चों को न सिर्फ जादू की प्रदर्शनी दिखाई, बल्कि पूरा खर्च स्वयं वहन किया। पुलिस की इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी झलकी, जो अक्सर ऐसे मनोरंजन से दूर रह जाते हैं।

कार्यक्रम के बाद बच्चों को चॉकलेट और बिस्कुट भी वितरित किए गए। अपने बच्चों की खुशी देखकर मजदूर परिवारों की आंखों में भी संतोष और कृतज्ञता नजर आई। पुलिस की यह पहल न केवल संवेदनशील पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि समाज के सबसे वंचित बच्चों को खुशी देने की जिम्मेदारी हम सबकी है और पुलिस मित्र की यह छवि लोगों के दिलों में भरोसा बढ़ाती है।

