संवाददाता समाचार टाउन
फूलों की वर्षा से महका नगर, डीजे की धुन पर भक्तिमय भजनों पर जमकर थिरके श्रद्धालु।
कायमगंज:नगर में रविवार को महर्षि कश्यप और महाराज निषादराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। महर्षि कश्यप सेवा समिति की ओर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर भक्तिमय नजर आया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

समिति के अध्यक्ष रामप्रकाश के नेतृत्व में शोभायात्रा का शुभारंभ घसियां चिलौली स्थित गमा देवी मंदिर से हुआ। यहाँ से शुरू होकर यात्रा गल्ला मंडी चौराहा, मुख्य चौराहा, लोहाई बाजार, बजरिया और पटवन गली होते हुए जटवारा रोड पहुंची। अंत में यात्रा पुनः गमा देवी मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में महर्षि कश्यप और निषादराज की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनके दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे भक्तिमय भजनों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। यात्रा में शामिल महिलाएं, युवतियां और युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने महर्षि कश्यप के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर नरेश बाथम, उमेश कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, मोहन कश्यप, शिव कश्यप, ऋषि कश्यप, बाबूराम कश्यप, राजकुमार और अनमोल कश्यप सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग, बच्चे और महिलाएं मौजूद रहीं।

