संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:तहसील सभागार में एसडीएम अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षा बैठक में बरसात के दौरान साफ-सफाई, जलभराव, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में निकाय क्षेत्रों में नियमित सफाई, नालों की सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था और फॉगिंग अभियान तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि नगर निकायों के मुख्य मार्गों, सभी वार्डों, बाजारों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आसपास प्रतिदिन नियमित सफाई कराई जाए। सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी की जाए तथा अधिकारियों द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किया जाए। सार्वजनिक स्थानों और तालाबों में कूड़ा डालने पर रोक लगाने तथा चिन्हित स्थानों से प्रतिदिन शत-प्रतिशत कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सफाई कार्य से पहले और बाद की फोटो भी उपलब्ध कराने को कहा गया।
बरसात को देखते हुए बड़े और छोटे नालों की विशेष सफाई कराने, नालियों में प्लास्टिक कचरा जमा न होने देने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पंप सेट से पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत शीघ्र कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में डोर-टू-डोर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने तथा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सभी वार्डों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में नियमित कीटनाशक छिड़काव और फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में प्रभारी तहसीलदार हर्षित सिंह, नगर पालिका परिषद कायमगंज के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार आजाद तथा नगर पंचायत नवाबगंज के कार्यालय सहायक अंबुज भारद्वाज मौजूद रहे।
